इंदौर कलेक्ट्रेट में 8 करोड़ गबन में दूसरा आरोपी गिरफ्तार: लोगों को लालच देकर बैंक में ट्रांसफर करवाए पैसे, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
इंदौर। कलेक्ट्रेट में करीब 8 करोड़ 5 लाख रुपए की सरकारी राशि के गबन के मामले में रावजी बाजार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इसके बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, इस हाई-प्रोफाइल घोटाले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
बिल और रिजेक्ट प्रकरणों की जानकारी का किया दुरुपयोग
पुलिस के अनुसार, यह मामला वर्ष 2023 में रावजी बाजार थाने में दर्ज हुआ था। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मिलाप चौहान और रणजीत कलेक्ट्रेट में आने वाले बिलों और रिजेक्ट होने वाले प्रकरणों से जुड़ी तकनीकी जानकारी का दुरुपयोग करते थे।
लालच देकर बैंक खातों में सरकारी पैसे ट्रांसफर किए
आरोप है कि दोनों ने कई लोगों को लालच दिया और जानकारी का उपयोग कर उनके बैंक खातों में सरकारी पैसे ट्रांसफर करवाए। इसके बाद संबंधित खातों से रकम निकालकर उसका गबन किया गया।
पहले मनोज, अब सचिन श्रीवंश गिरफ्तार
इस मामले में रावजी बाजार पुलिस ने 27 जुलाई को परदेशीपुरा निवासी मनोज को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने सर्वहारा नगर निवासी सचिन श्रीवंश को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बैंक दस्तावेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। जांच के दौरान बैंक स्टेटमेंट, पासबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि वित्तीय लेनदेन और दस्तावेजों की जांच के आधार पर पूरे फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट की जाएगी।
मामले को लेकर एसीपी विजय चौधरी ने बताया कि जांच लगातार जारी है और सबूतों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।