महाकाल सवारी रूट का प्रतिदिन पैदल निरीक्षण करेंगे अधिकारी: उज्जैन निगमायुक्त ने कहा- बिजली के खुले तारों को भी करें कवर

उज्जैन। श्रावण मास में 3 अगस्त को निकलने वाली भगवान महाकालेश्वर की प्रथम सवारी को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने गुरुवार को निगम अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। आयुक्त ने निर्देश दिए कि महाकाल सवारी से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि सवारी में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो।
पुरे रूट पर हो आम सुविधाएं
बैठक में आयुक्त ने कहा कि महाकालेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से गुजरने वाली सवारी के पूरे रूट पर सफाई, पीने का पानी, स्ट्रीट लाइट, रोड पैचवर्क, अतिक्रमण हटाने एवं अन्य नागरिक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएं। सभी संबंधित अधिकारियों को रोज सुबह सवारी मार्ग का पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और कमियों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए।
सवारी मार्ग पर कोई अतिक्रमण न हो
आयुक्त ने कहा कि सवारी मार्ग पर कोई अतिक्रमण न रहे। अवैध अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ प्रभावी चालानी कार्यवाही भी की जाए, ताकि सवारी वाले दिन ही नहीं बल्कि पूरे श्रावण मास में मार्ग पर दोबारा अतिक्रमण न हो। यह निर्देश भी दिए कि सवारी मार्ग पर गैस सिलेंडर एवं गैस भट्टियों का उपयोग न हो। होटल एवं प्रतिष्ठान संचालकों को पहले ही इस बारे में सुचना दी जाए।
खुले बिजली के तारों को कवर करे
बैठक में स्ट्रीट लाइट की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि पूरे मार्ग पर उजाला रहे। जहां भी खुले बिजली के तार हों, उन्हें पीवीसी शीट से कवर किया जाए। इसके साथ ही सवारी मार्ग पर स्थित जर्जर भवनों, असुरक्षित छज्जों एवं गैलरियों को सुरक्षा की दृष्टि से हटाने की कार्यवाही भी पूरी किए जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्ग पर आवश्यक सूचना एवं संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। वहीं पशु नियंत्रण दल को पूरे समय सक्रिय रहकर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सवारी मार्ग पर कोई भी आवारा जानवर न आए।
सफाई पर ज्यादा ध्यान दें
निगम आयुक्त ने सफाई व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि पुरे सवारी मार्ग पर ड्रेस कोड में सफाई मित्र तैनात रहेंगे। साथ ही विभिन्न स्वागत मंचों एवं सामाजिक संगठनों से भी अपील की जाएगी की डिस्पोजेबल सामग्री का उपयोग न करें। इसके साथ ही स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।