राऊ पुलिस ने 1.60 लाख के अवैध हथियार किए जब्त: बर्थडे पार्टी में रौब दिखाने के लिए करते थे तस्करी; 4 आरोपी गिरफ्तार

इंदौर। पुलिस ने चेकिंग के दौरान केट रोड से चार युवकों को अवैध हथियार के साथ पकड़ा। आरोपियों से 5 हथियार बरामद किए। जिसमें एक पिस्तौल, चार देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए।
DCP नरेंद्र रावत ने कहा—
राऊ क्षेत्र में पेट्रोलिंग और चेकिंग के दौरान केट रोड से चार आरोपियों रिशभ, रितेश , प्रेम और सुमित उर्फ रोनी को पकड़ा गया है।
आरोपियों ने बताया कि वे हथियार बर्थडे पार्टी में रौब दिखाने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के लिए लेकर जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि हथियार महू की किस फैक्ट्री से लाए गए थे और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था। आरोपियों का मकसद क्या था और हथियारों की सप्लाई में इनके साथ कोई और लोग जुड़े हैं या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रही पुलिस
आरोपियों के बताए मकसद के बाद पुलिस उनके इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट भी चेक कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने पहले कभी हथियारों के साथ कोई वीडियो या फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी या नहीं।

दो आरोपियों पर पहले से लूट का केस
पुलिस के मुताबिक, रितेश और प्रेम के खिलाफ मंदसौर क्षेत्र में पहले से लूट का मामला दर्ज है। पुलिस अब दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।
हथियार कहां से आए, जांच जारी
राऊ पुलिस अब हथियारों के स्रोत और आरोपियों के संपर्कों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हथियार किसी फैक्ट्री से सीधे आरोपियों तक पहुंचे या इनके बीच कोई अन्य व्यक्ति शामिल था।
