| | | |

भोपाल में BJP प्रदेश अध्यक्ष की प्रेस कॉन्फ्रेंस: कहा-‘दिल्ली में समर्थन कर रहे हैं तो रांची भी जाएं’; अमित शाह विपक्ष से चर्चा के लिए तैयार

भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कांग्रेस और राहुल गांधी पर आरोप लगाए। प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल भी मौजूद रहे। खंडेलवाल ने झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और नीट पेपर लीक के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए।

झारखंड में छात्रों पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस पर सवाल
हेमंत खंडेलवाल ने झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर आंसू गैस छोड़ी गई। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कंटीले तार लगाए गए। लाठीचार्ज भी किया गया। उन्होंने छात्राओं के साथ कथित अनैतिक व्यवहार का भी आरोप लगाया।

छात्र नेता भी करे सहयोग 
उन्होंने कहा कि छात्र नेताओं से उम्मीद है कि वे प्रदर्शन कर रहे छात्रों का सहयोग करेंगे। खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा झारखंड के छात्रों के साथ है और छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

राहुल गांधी पर लगाया झूठ आधारित राजनीति का आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों के हित में राजनीति करने का दावा करती है, लेकिन जब सदन में चर्चा का मौका आता है तो कार्यवाही बाधित की जाती है। उन्होंने राहुल गांधी पर झूठ आधारित राजनीति करने का आरोप लगाया।

NEET पेपर लीक पर बोले- सरकार चर्चा के लिए तैयार
खंडेलवाल ने नीट पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सदन में चर्चा की मांग करती रही। उनके मुताबिक, जब सरकार चर्चा के लिए तैयार हुई तो विपक्ष ने सदन की कार्यवाही चलने नहीं दी।

सरकार विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार
उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं। खंडेलवाल ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि वे सदन में आकर छात्रों के मुद्दे पर चर्चा करें।

‘दिल्ली में समर्थन कर रहे हैं तो रांची भी जाएं’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि कांग्रेस नेता दिल्ली में छात्रों के समर्थन में खड़े हो रहे हैं तो उन्हें झारखंड के छात्रों के समर्थन में रांची भी जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का झारखंड के छात्रों को समर्थन है और छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से उठाया जाएगा।

Share