भोपाल में राज्यपाल से मिले CM: विधानसभा में पारित कानूनों पर हुई चर्चा; कहा- अपने पद की गरिमा का ध्यान रखें राहुल

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यपाल मंगू भाई पटेल से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश में कम बारिश, नई भर्तियों, प्रमोशन, समान नागरिक संहिता (UCC) और स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी सलाह दी।
सीएम ने कहा कि अल नीनो के प्रभाव के कारण प्रदेश में करीब 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है। राज्यपाल से इस स्थिति को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने सरकार की ओर से की जा रही तैयारियों और प्रदेश की मौजूदा परिस्थितियों की जानकारी भी राज्यपाल को दी।
नई भर्तियों और प्रमोशन के बारे में बात हुई
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार नई भर्तियों और प्रमोशन की दिशा में भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती और प्रमोशन करना सरकार का बड़ा निर्णय है। राज्यपाल को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी भी दी गई।
UCC और विधानसभा में पारित कानूनों पर चर्चा
राज्यपाल और मुख्यमंत्री की मुलाकात में समान नागरिक संहिता को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विधानसभा सत्र के दौरान पारित किए गए विभिन्न कानूनों और सदन में हुए कामकाज की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विधानसभा में चर्चा हुई है।
दुनिया भारत की ओर देख रही है
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया भारत की ओर देख रही है और मध्यप्रदेश भी देश के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। सीएम ने कहा कि सदन की गरिमा और मर्यादा बनाए रखना सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नेता प्रतिपक्ष अपने पद की जिम्मेदारी और गरिमा के अनुरूप व्यवहार करेंगे।
राहुल गांधी जी झूठ बोलकर लगातार जो माहौल बनाते हैं, उससे नेता प्रतिपक्ष का कद भी घटता है और सदन की कार्यवाही भी बाधित होती है। कृपया राहुल गांधी जी अपने पद की गरिमा का ध्यान रखें। जो दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक पद है। उम्मीद करूंगा वो सीखेंगे।– सीएम मोहन यादव