धार में नगर भ्रमण पर निकलेंगे भगवान धारेश्वर: शाही पालकी में होंगे सवार; समिति की बैठक में तैयारियों पर हुई चर्चा

धार। भगवान धारेश्वर महादेव भादौ के दूसरे सोमवार को शाही पालकी में नगर भ्रमण पर निकलेंगे। शाही पालकी को लेकर समिति की बैठक मंडल अध्यक्ष डॉ शरद विजय वर्गीय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। 7 सितंबर को शाम 4 बजे धारेश्वर मंदिर प्रांगण से बाबा धारनाथ शाही पालकी में नगर भ्रमण करेंगे।
शाही अंदाज में निकलेगी सवारी
परंपराओं को निभाने के लिए मांझी समाज के युवा पालकी को कंधे पर उठाकर नगर भ्रमण कराएंगे। इस दिन धार शहर की धर्म प्रेमी जनता बाबा धारनाथ धारेश्वर महादेव बाबा के आगे मत्था टेकेगी और दर्शन करेंगी। बाबा की पालकी शाही होकर बाबा के आगे बैंड, ढोल, झांझ मजीरे के शाही अंदाज में निकलेगी।
गार्ड आफ आनर भी दिया जाएगा
इसके पूर्व भगवान धारेश्वर के पूजन पश्चात परंपरा अनुसार गार्ड आफ आनर दिया जाएगा। इसके पश्चात भगवान धारनाथ प्रजा का हाल जानने निकलेंगे। इसके तहत सभी धर्म प्रेमी जनता अपने-अपने घरों से ही दर्शन का लाभ लेंगे।
यह रहेगा यात्रा का रूट
शाही पालकी छबीना का मार्ग छत्रीपाल चौराहा, हटवाड़ा, पीपली बाजार,आनंद चौपाटी, धानमंडी, कश्यप भवन, बख्तावर मार्ग, मोहन सहित टाकीज, उटावद दरवाजा, धानमंडी, सेनापति मार्ग ,पट्ठा चौपाठी, नालछा दरवाजा, पौ चौपाटी, राजबाड़ा, आनंद चौपाटी, शनिगली से होकर पुनः धारेश्वर मंदिर तक रहेगा।
11 हजार अभिमंत्रित रुद्राक्ष वितरित होंगे
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी आशुतोष विजयवर्गीय द्वारा 11 हजार अभिमंत्रित रुद्राक्ष का भी वितरण किया जाएगा। बैठक में गत वर्ष का आय व्यय का हिसाब प्रस्तुत कर आगामी कार्य योजना बनाई गई।
यह लोग हुए शामिल
बैठक में श्री धर्म स्थान रक्षक मंडल समिति अध्यक्ष डॉ. शरद विजयवर्गीय, महामंत्री ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, सचिव अजय सिंह ठाकुर सहित प्रमुख पदाधिकारी संरक्षक द्वारका अग्रवाल, उपाध्यक्ष भगवानदास मालवीय, शशि श्रीवास्तव, कन्हैया लाल यादव, कोषाध्यक्ष बलवीर सिंह अरोरा, मंत्री ईश्वरसिंह ठाकुर, पूनम चंद फकीरा,आशुतोष विजयवर्गीय, लखन शर्मा, राकेश चौहान, संतोष शर्मा, यश वर्धन, राजेंद्र राठौर, अर्जुन यादव, भारत डोड,,अशोक चोरे सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।