भोपाल होमगार्ड मुख्यालय पहुंचे CM: रेस्क्यू ऑपरेशन के हालात जाने; कहा- जोखिम न उठाएं लोग

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल स्थित होमगार्ड मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में बारिश और रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जरूरत पड़ने पर आसपास के जिलों और राज्यों के साथ समन्वय बनाकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
बारिश के हालात की जानकारी ली
मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच रेस्क्यू टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल स्थित होमगार्ड मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जीपी कैलाश मकवाना समेत पुलिस और रेस्क्यू टीम के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और बैठक कर प्रदेश में लगातार बढ़ रही बारिश के हालात की जानकारी ली।
रेस्क्यू टीम लगातार सक्रिय है
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जहां भी बारिश के कारण नागरिक, किसान या मवेशी संकट में हैं, वहां रेस्क्यू टीम लगातार सक्रिय है। अब तक रेस्क्यू टीम ने 27 लोगों की जान बचाई है। कई जगहों पर एक साथ फंसे लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

एक साथ कई स्थानों पर हो रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
सीएम ने कहा कि रेस्क्यू टीम दिन-रात काम कर रही है। जरूरत पड़ने पर एक साथ कई स्थानों पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के लिए आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों से भी समन्वय किया जा रहा है। सरकार का दायित्व है कि ऐसे मुश्किल हालात में जनता के साथ खड़ी रहे।
किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं लोग
मुख्यमंत्री ने लोगों से भी अपील की कि नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें और किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।

राजगढ़ हादसे पर सीएम का बयान
वहीं राजगढ़ में हुए हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वहां पानी करीब 9 इंच ही था, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। पुल चौड़ा होने के बावजूद वाहन पानी की तरफ झुक गया और हादसा हो गया। मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए स्थानीय प्रशासन को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
बारिश के दौरान नदी-नालों और पुल-पुलियों पर पानी होने की स्थिति में किसी भी तरह का जोखिम न लें और सावधानीपूर्वक आवागमन करें।– डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश