रतलाम-झाबुआ मार्ग निर्माण में देरी: 40 मिनट सड़क पर बैठे ग्रामीण; निर्माण कंपनी ने 15 दिन में काम पूरा करने का दिया आश्वासन

झाबुआ। रतलाम-झाबुआ मार्ग के निर्माण में हो रही देरी और लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर शुक्रवार शाम अंतरवेलिया क्षेत्र में ग्रामीणों और युवाओं ने प्रदर्शन किया। निनामा पेट्रोल पंप के पास जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सोनू रामपाल के नेतृत्व में करीब 30 से अधिक युवा सड़क पर बैठ गए। करीब 40 मिनट चले प्रदर्शन के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा।
एंबुलेंस और छोटे वाहनों को दिया रास्ता
प्रदर्शन के दौरान एंबुलेंस और रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए छोटे वाहनों को निकलने दिया गया, लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।

निर्माण कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी को बुलाने पर अड़े प्रदर्शनकारी
प्रदर्शनकारी निर्माण कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी को मौके पर बुलाने और लंबे समय से बंद पड़े निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करवाने की मांग पर अड़े रहे। जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सोनू रामपाल ने कहा कि मार्ग का निर्माण लंबे समय से बंद है। इसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन निर्माण कंपनी की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
GM ने 15 दिन में एक किमी सड़क बनाने का दिया भरोसा
स्थिति को देखते हुए निर्माण कंपनी के जनरल मैनेजर अवनीश शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पेट्रोल पंप से पुलिस चौकी तक करीब एक किलोमीटर के हिस्से का निर्माण आगामी 15 दिनों में पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और मार्ग पर यातायात फिर से सुचारू हो सका।