रक्षाबंधन पर खजराना गणेश को बांधी 40 इंच की राखी: 23 साल से निभा रहे परंपरा; इस बार ‘वंदे मातरम’ थीम

इंदौर। रक्षाबंधन पर शुक्रवार को प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में भगवान गणेश को 40 इंच बाय 40 इंच की भव्य सनातन राखी अर्पित की गयी।
इस विशेष राखी को तैयार करने में ढाई महीने का समय लगा है। राखी को विशेष रूप से श्रद्धा और आस्था के साथ तैयार किया गया है।
23 वर्षों से निभा रहे राखी अर्पित करने की परंपरा
पालरेचा परिवार 23 वर्षों से रक्षाबंधन के अवसर पर खजराना गणेश को राखी अर्पित करने की परंपरा निभाता आ रहा है। इस वर्ष यह परंपरा अपने 24वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। परिवार का कहना है कि हर साल भगवान गणेश के लिए विशेष राखी तैयार की जाती है और रक्षाबंधन के दिन उसे मंदिर में विधि-विधान और पूरी आस्था के साथ अर्पित किया जाता है।
वंदे मातरम की थीम पर बनाई राखी
इस बार राखी की थीम ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने पर आधारित रखी गई है। राखी में देश की आस्था और संस्कृति से जुड़े प्रमुख देवी-देवताओं को दर्शाया गया है। इसमें भोजशाला की मां सरस्वती, मां महालक्ष्मी, कोलकाता की मां काली, भगवान महाकाल और भगवान जगन्नाथ की आकृतियां बनाई गई हैं। यह राखी धार्मिक आस्था के साथ-साथ देशभक्ति और भारतीय संस्कृति की विविधता को भी दर्शाती है।