| |

इंदौर से आ रहे गेहूं के ट्रॉले में लगी आग: एक घंटे तक जलता रहा लाखों का गेहूं; ड्राइवर ने सड़क किनारे खड़ा कर बचाई जान

धार। राऊ-खलघाट फोरलेन स्थित गणपति घाट की नई सड़क पर देर रात हादसा हो गया। इंदौर की ओर से आ रहे गेहूं से भरे ट्रॉले में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। करीब एक घंटे तक ट्रॉला धू-धू कर जलता रहा। हालांकि, चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रॉला क्रमांक RJ 09 GD 5887 इंदौर की ओर से आ रहा था। गणपति घाट की नई सड़क पर पहुंचते ही अचानक ट्रॉले के पहियों के पास से आग की लपटें निकलने लगीं। चालक ने खतरा भांप लिया। उसने तुरंत ट्रॉले को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। कुछ ही देर में आग ने पूरे ट्रॉले को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते ट्रॉला आग के गोले में बदल गया।

एक घंटे के बाद आग पर काबू
आग की सूचना मिलते ही डायल 112, धामनोद पुलिस और टोल कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। इसके बाद आग बुझाने का काम शुरू किया गया।  एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक ट्रॉला पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

लाखों का गेहूं भी जलकर खाक
ट्रॉले में गेहूं भरा हुआ था। आग की चपेट में आने से लाखों रुपए का गेहूं भी जलकर नष्ट हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। चालक की सूझबूझ से समय रहते ट्रॉले को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया था। पुलिस और टोल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को भी सुचारू कराया।

Share