| |

25 साल से अनाथाश्रम में रक्षाबंधन मना रही अहिल्या सेना: गोलू शुक्ला भी हुए शामिल; बोले- बच्चों के साथ मिलती है खुशी

इंदौर। अहिल्या सेना इंदौर महानगर की 25 सालों से निराश्रित और जरूरतमंद बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया जा रहा है। इस वर्ष भी बाल संरक्षण आश्रम में यह परंपरा जारी रही।

कार्यक्रम में विधायक गोलू शुक्ला, आयोजन समिति के विवेक खंडेलवाल, विनोद पालीवाल सहित भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विधायक गोलू शुक्ला ने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से लगातार इन बच्चों के बीच आकर रक्षाबंधन मनाते हैं। बाल संरक्षण आश्रम में आकर बच्चों के साथ त्योहार मनाने से खुशी और संतुष्टि मिलती है।

आश्रम में बच्चों की सुविधाओं पर भी ध्यान
गोलू शुक्ला ने बताया कि बाल संरक्षण आश्रम उनकी विधानसभा क्षेत्र में आता है। बच्चों की सुविधा के लिए आश्रम के पीछे नया किचन बनवाया गया है, जिससे भोजन की व्यवस्था बेहतर हुई है। वहीं, बच्चों के खेलने-कूदने के लिए सामने गार्डन भी तैयार करवाया गया है। उन्होंने कहा कि आश्रम की ओर से जब भी किसी सुविधा की जरूरत बताई जाती है, उसे पूरा करने का प्रयास किया जाता है।
बड़े होकर भी त्योहार मनाने लौटते हैं बच्चे

विधायक ने कहा कि दीपावली और रक्षाबंधन जैसे त्योहार भी इन बच्चों के साथ ही मनाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि जो बच्चे कभी 2-3 साल की उम्र में आश्रम आए थे, वे आज 24-25 साल के हो चुके हैं और यहां से जा चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें आश्रम में मनाए जाने वाला रक्षाबंधन याद रहता है और वे आज भी त्योहार के दिन यहां लौटकर आते हैं। इन बच्चों के बीच आकर खुशी मिलती है और मन को शांति मिलती है।

Share