रजत पाल बने भाजयुमो जिलाध्यक्ष: विधायक चौधरी ने साफा बांधकर किया स्वागत; कार्यकर्ताओं ने की आतिशबाजी

देवास। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रजत पाल सिंह का हाटपिपल्या में स्वागत किया गया। विधायक मनोज चौधरी ने अपने कार्यालय में उनका अभिनंदन किया। विधायक ने रजत पाल सिंह को साफा बांधा।
पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर स्वागत किया। मिठाई खिलाकर नई जिम्मेदारी की बधाई दी। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर उत्साह जताया।
नियुक्ति को लेकर सामने आया था विरोध
भाजयुमो जिलाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर पिछले दिनों राजनीतिक खींचतान की चर्चा थी। मीडिया रिपोर्ट्स में विधायक मनोज चौधरी की आपत्ति की बात सामने आई थी। बताया गया था कि विधानसभा चुनाव के दौरान की गतिविधियों और अंदरूनी खींचतान को लेकर उन्होंने प्रदेश नेतृत्व के सामने अपनी बात रखी थी।
जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में रजत पाल सिंह और मोहित जाट के नाम भी चर्चा में थे। बाद में प्रदेश नेतृत्व ने रजत पाल सिंह को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया। वहीं मोहित जाट को जिला महामंत्री बनाया गया।

स्वागत से दिया एकजुटता का संदेश
नियुक्ति के बाद विधायक कार्यालय में हुआ स्वागत राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। इससे संगठन में एकजुटता का संदेश गया है। विधायक मनोज चौधरी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा नई ऊर्जा के साथ काम करेगा।
इससे संगठन को और मजबूती मिलेगी। रजत पाल सिंह ने विधायक और वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे संगठन की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी।