|

रेल मदद पोर्टल बना यात्रियों का सहारा, बीकानेर मंडल ने 15 मिनट में निपटाईं 4 हजार से ज्यादा शिकायतें

बीकानेर। भारतीय रेलवे यात्रियों को बेहतर और त्वरित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में उत्तर-पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेल मंडल ने ‘रेल मदद’ पोर्टल के माध्यम से शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के निर्देशन में यात्रियों की शिकायतों और समस्याओं का तेजी से समाधान किया जा रहा है।

बीकानेर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव ने बताया कि यात्री अपनी यात्रा के दौरान मोबाइल ऐप, वेबसाइट, एसएमएस, 139 हेल्पलाइन, ई-मेल और सोशल मीडिया जैसे विभिन्न माध्यमों से रेल मदद पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। सभी शिकायतें एकीकृत प्लेटफॉर्म पर प्राप्त होने से उनके समाधान में तेजी आई है।

उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से 3 जून 2026 तक रेल मदद पोर्टल के माध्यम से कुल 4,042 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण औसतन 15 मिनट में किया गया।

विभागवार प्रदर्शन की बात करें तो वाणिज्य विभाग ने 1,325 शिकायतों का औसतन 6 मिनट में समाधान कर संतोषजनक (Satisfactory) फीडबैक प्राप्त किया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने 738 शिकायतों का औसतन 20 मिनट में निस्तारण कर उत्कृष्ट (Excellent) फीडबैक हासिल किया। वहीं कैरिज एवं वैगन विभाग ने 934 शिकायतों का औसतन 17 मिनट में समाधान किया, जबकि सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग ने प्राप्त 8 शिकायतों का औसतन 26 मिनट में निपटारा किया।

रेल मदद पोर्टल के माध्यम से यात्रियों को सिर्फ शिकायत निवारण ही नहीं, बल्कि कई प्रकार की आपातकालीन सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है। यात्रा के दौरान छोटे बच्चों के लिए दूध, बीमार यात्रियों के लिए दवाइयां, चिकित्सकीय सहायता और प्रसव पीड़ा की स्थिति में डॉक्टर एवं मेडिकल सुविधाएं भी मुहैया कराई जाती हैं।

बीकानेर रेल मंडल ने शिकायतों की निगरानी और त्वरित समाधान के लिए 24×7 वार रूम भी स्थापित किया है। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी अत्याधुनिक तकनीक की सहायता से लगातार यात्रियों की समस्याओं पर नजर रखते हैं और उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित करते हैं।

रेल मदद पोर्टल पर यात्रियों से प्राप्त फीडबैक में अधिकांश प्रतिक्रियाएं उत्कृष्ट (Excellent) और संतोषजनक (Satisfactory) श्रेणी में रही हैं, जो बीकानेर रेल मंडल की यात्री सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

Share

Similar Posts