राहुल गांधी ने ECHS और विकलांगता पेंशन पर उठाए सवाल, पूर्व सैनिकों की समस्याओं को लेकर सरकार घिरी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) में गंभीर खामियों का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि इस योजना की कमियों के कारण 72 लाख से अधिक पूर्व सैनिक और उनके परिवार प्रभावित हो रहे हैं।
राहुल गांधी के अनुसार, पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) में कई समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। इनमें इलाज की प्रतिपूर्ति में देरी, आवश्यक दवाइयों की कमी, अस्पतालों द्वारा इलाज से इनकार और बकाया भुगतान लंबित रहने जैसी परेशानियां शामिल हैं।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि हाल ही में घायल पूर्व सैनिकों से मुलाकात के दौरान उन्हें इन समस्याओं की जानकारी मिली। जब इस मुद्दे को संसद में उठाया गया, तो सरकार ने स्पष्ट जवाब देने से बचने की कोशिश की।
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार के पास न तो बकाया भुगतान का सटीक आंकड़ा है और न ही देरी के कारणों पर कोई ठोस जानकारी उपलब्ध है।
इसके साथ ही उन्होंने भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि योजना को पर्याप्त बजट नहीं मिल रहा है, जिससे पूर्व सैनिकों की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
विकलांग पूर्व सैनिकों की पेंशन को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वित्त विधेयक में प्रस्तावित प्रावधान के अनुसार, सेवा में बने रहने वाले सैनिकों की विकलांगता पेंशन पर टैक्स लगाने का प्रावधान किया गया है, जो उनके अनुसार देश की सेवा करने वाले सैनिकों के साथ अन्याय है।
राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर सरकार से पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करते हुए पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा के लिए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की अपील की है।






