|

छिंदवाड़ा पीएम श्री स्कूल विवाद: छठवीं के छात्रों की शिकायत पर शिक्षिका निलंबित; निष्पक्ष जांच की मांग उठी

छिंदवाड़ा। जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर कुंडाली कलां स्थित पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की एक शिक्षिका पर छात्रों से आपत्तिजनक बातें करने और धमकी देने के आरोप लगे हैं। मामले में शिक्षा विभाग ने प्रारंभिक जांच के बाद शिक्षिका को निलंबित कर दिया है।

विद्यालय में पढ़ने वाले कक्षा छठवीं के कुछ छात्र-छात्राओं ने अभिभावकों से शिकायत की थी कि शिक्षिका भावना शर्मा उनसे पढ़ाई के दौरान अनुचित और असहज करने वाली बातें करती थीं। बच्चों के अनुसार शिक्षिका कथित तौर पर बॉयफ्रेंड बनाने, डेट पर जाने और अन्य निजी विषयों पर टिप्पणी करती थीं।

बच्चों ने धमकी देने का भी लगाया आरोप
छात्रों का आरोप है कि शिक्षिका ने उन्हें डराने-धमकाने वाली बातें भी कहीं। बच्चों ने यह जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद पालक संघ के पदाधिकारी और अभिभावक स्कूल पहुंचे और प्राचार्य को शिकायत सौंपी।

प्राचार्य ने बच्चों से अलग-अलग बातचीत कर जानकारी ली और लिखित शिकायत संबंधित अधिकारियों को भेज दी। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीर मानते हुए संयुक्त संचालक स्तर से कार्रवाई की।

शिक्षा विभाग ने जारी किया निलंबन आदेश
सूत्रों के अनुसार शिक्षिका के खिलाफ पहले भी कुछ शिकायतें सामने आ चुकी थीं। विभागीय अधिकारियों ने जांच पूरी होने तक उन्हें निलंबित करने का आदेश जारी किया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

शिक्षिका ने आरोपों को बताया साजिश
शिक्षिका भावना शर्मा ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से बच्चों से गलत बयान दिलवाए जा रहे हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस में अब तक शिकायत नहीं
मामले में अभी तक पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिक्षा विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Share