| | |

मैसूर में मध्य प्रदेश के तीर्थ यात्रियों की बस हादसे का शिकार: ट्राले से टक्कर में 4 घायल; एक बच्ची भर्ती

मैसूर। मध्य प्रदेश के देवास जिले से तीन धाम यात्रा पर गए तीर्थ यात्रियों की बस रविवार दोपहर कर्नाटक के मैसूर में हादसे का शिकार हो गई। यात्रियों के अनुसार बस की ट्राले से टक्कर हो गई, जिसमें तीन से चार लोगों को चोट आई है। एक बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

देवास जिले के हाटपीपल्या, चापड़ा और करनावद क्षेत्र के करीब 50 श्रद्धालु 15 जुलाई 2026 को तीन धाम यात्रा के लिए निकले थे। ये सभी अजंता ट्रेवल्स की बस MP 13 ZR 1185 से यात्रा कर रहे थे। बस में लगभग 30 महिलाएं और 20 पुरुष सवार थे।

दोपहर 12 बजे हुआ हादसा
यात्रियों ने बताया कि दुर्घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे मैसूर शहर में हुई। हादसे के बाद बस को उदयगिरी पुलिस थाना, मैसूर में खड़ा कर दिया गया है।

एक बच्ची अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया गया। यात्रियों के अनुसार एक बच्ची की हालत को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों को हल्की चोटें आई हैं।

यात्रियों ने लगाए गंभीर आरोप
श्रद्धालुओं का आरोप है कि दुर्घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने महिलाओं समेत यात्रियों के साथ मारपीट की। उनका कहना है कि पुलिस के सामने यह घटना हुई, लेकिन उन्हें पर्याप्त सुरक्षा और सहायता नहीं मिली।

पुलिस कार्रवाई की मांग
यात्रियों ने प्रशासन से सुरक्षा, चिकित्सा सहायता और मामले में कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Share