नासिक में दो बार भूकंप के झटकों: 4.3 तीव्रता से दीवारों में दरारें; पहले भी महसूस हो चुके हैं झटके

नासिक। नासिक जिले में शनिवार रात आए भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। कई इलाकों में मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गईं और लोग रात में ही घरों से बाहर निकल आए। हालांकि प्रशासन ने किसी भी तरह की जनहानि से इनकार किया है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, पहला भूकंप शनिवार रात करीब 10 बजे आया, जिसकी तीव्रता 4.3 मापी गई। इसके बाद रविवार सुबह 5 बजकर 33 मिनट पर 3.3 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस हुआ।

भूकंप का केंद्र महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास भनवड इलाके में पांच किलोमीटर की गहराई पर था। झटकों का असर नासिक शहर के साथ सुरगाणा और दिंडोरी तहसीलों के कई गांवों में भी महसूस किया गया।

दीवारों में आई दरारें, लोग रातभर रहे सतर्क
भूकंप के बाद कुछ गांवों में मकानों की दीवारों में दरारें पड़ने की जानकारी सामने आई है। अचानक आए झटकों से लोग घबरा गए और एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए। कई परिवारों ने रात खुले स्थानों पर बिताई।

बांधों का निरीक्षण, कोई नुकसान नहीं
नासिक जिला प्रशासन ने बताया कि भूकंप के बाद क्षेत्र के प्रमुख बांधों और अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं का निरीक्षण किया गया। शुरुआती जांच में किसी भी बांध या सार्वजनिक ढांचे को नुकसान नहीं पहुंचा है। जिलाधिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, शांत रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

पहले भी महसूस हो चुके हैं झटके
नासिक जिले में पिछले कुछ दिनों से हल्की भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की जा रही हैं। इससे पहले 25 से 28 जुलाई के बीच और 6 अगस्त को भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे।

Share