| | | |

भोपाल सेंट्रल जेल में कैदी की मौत: सीमेंट चोरी के मामले में हुई थी गिरफ्तारी; परिवार ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप

भोपाल। सेंट्रल जेल में बंद 35 वर्षीय कैदी नीरज धाकड़ की मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नीरज को सीमेंट चोरी के एक मामले में सूखी सेवनिया पुलिस ने 7 अगस्त को गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के दो दिन बाद जेल में उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा गया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पत्नी बोली- शरीर पर चोट के निशान थे
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद नीरज के साथ मारपीट की गई थी। उसका दावा है कि शरीर पर चोट के निशान थे और समय पर उचित इलाज नहीं मिलने से उसकी हालत बिगड़ती चली गई। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

जेल प्रशासन ने क्या कहा
जेल प्रशासन के अनुसार बंदी ने सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत की थी। अधिकारियों का कहना है कि हालत बिगड़ते ही उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था और इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई।

न्यायिक जांच शुरू
मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने न्यायिक जांच शुरू कर दी है। जांच में गिरफ्तारी से लेकर जेल में रहने और अस्पताल पहुंचाने तक की पूरी प्रक्रिया की पड़ताल की जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि नीरज धाकड़ की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Share