कुश और रीदित वानखेड़े की अगुवाई में निकली बाल कावड़ यात्रा: डीजे पर झूमे बच्चे; रास्ते भर हुई पुष्प वर्षा

इंदौर। सावन माह में इंदौर के तुलसी नगर क्षेत्र में रविवार को शिव भक्ति का अनूठा दृश्य देखने को मिला। यहां बच्चों के विशेष उत्साह के साथ भव्य बाल कावड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में करीब 400 से 500 बच्चों ने कावड़ उठाकर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
यह यात्रा तुलसी नगर स्थित सरस्वती मंदिर से शुरू हुई और आर.आर. एवेन्यू स्थित अनंतेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। लगभग दो किलोमीटर लंबे मार्ग में डीजे की धुनों पर नाचते-गाते बच्चों ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया।
जगह-जगह हुआ स्वागत
यात्रा के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर नन्हें कावड़ियों का स्वागत किया। कई जगहों पर श्रद्धालुओं ने बच्चों को जलपान भी कराया। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
तीसरे साल भी दिखा उत्साह
इस आयोजन के मुख्य आयोजक कुश वानखेड़े और रीदित वानखेड़े हैं। दोनों भाइयों द्वारा निकाली जा रही यह बाल कावड़ यात्रा लगातार तीसरे वर्ष आयोजित की गई है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बच्चों और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कुश और रीदित, पूर्व विधायक एवं वर्तमान इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के सुपुत्र हैं। आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय नागरिकों का भी सहयोग रहा।
बच्चों की शिव भक्ति ने मोहा मन
यात्रा के दौरान बच्चों का उमंग भरा नृत्य, शिव भजनों पर झूमते कावड़िए और उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही। पूरे मार्ग में मौजूद लोगों ने बच्चों की शिव भक्ति की सराहना की और आयोजन को सांस्कृतिक एवं धार्मिक दृष्टि से प्रेरणादायक बताया।