| |

लुधियाना-जालंधर हाईवे जाम: प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का नया VIDEO; आरोपी नहीं पकड़े तो न पोस्टमॉर्टम, न अंतिम संस्कार

लुधियाना। प्रॉपर्टी डीलर हरजिंदर सिंह की हत्या के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का पोस्टमॉर्टम कराने और अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। इसके बाद परिवार और बड़ी संख्या में समर्थकों ने लुधियाना-जालंधर हाईवे पर धरना शुरू कर दिया।

परिजनों ने दोपहर करीब सवा 12 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लगाकर हाईवे की दोनों लेन बंद कर दीं। इसके बाद बीच सड़क पर दरी बिछाकर परिवार और समर्थक बैठ गए। उनका कहना है कि जब तक हत्यारे गिरफ्तार नहीं होते, वे शव का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाएंगे। परिजनों ने कहा कि वे आरोपियों का एनकाउंटर देखना चाहते हैं।

3 किमी लंबा जाम, दोनों तरफ वाहनों की कतार
हाईवे बंद होने से दोनों ओर करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। इसमें करीब एक हजार से ज्यादा वाहन फंसे होने की जानकारी है। मेन सुंदर नगर पेट्रोल पंप चौक को जाम किया गया है।

बस्ती चौक से काराबारा चौक तक और दूसरी ओर समराला चौक तक वाहनों की लंबी कतार लगी है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।

ACP ने दो बार की बातचीत, पर नहीं माने परिजन
परिजनों को समझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने के लिए ACP इंद्रजीत सिंह बोपाराय मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार से दो बार बातचीत कर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे।

परिजनों का कहना है कि पहले हत्यारों को गिरफ्तार किया जाए, इसके बाद ही वे पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगे।

जाम से बचने के लिए ये रास्ते अपनाएं
हाईवे पर जाम की स्थिति को देखते हुए जालंधर की ओर से आने वाले वाहनों को जालंधर बाईपास चौक से जगराओं पुल की ओर जाने की सलाह दी गई है। इसके बाद वाहन ढोलेवाल चौक होते हुए शेरपुर चौक से दोबारा हाईवे पर आ सकते हैं।

दिल्ली की ओर से आने वाले वाहन भी इसी वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।

दोस्त के घर के बाहर 5 गोलियां मारकर हत्या
प्रॉपर्टी डीलर हरजिंदर सिंह की शुक्रवार रात दोस्त के घर के बाहर हत्या कर दी गई थी। बदमाशों ने उसकी कार को घेरकर रोक लिया और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोलीबारी में हरजिंदर को पांच गोलियां लगीं और उसकी मौत हो गई।

वारदात का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था। इसमें आरोपी हरजिंदर की कार को घेरते और उस पर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं।

गोली मारने के बाद तेजधार हथियारों से भी हमला
मामले से जुड़ा एक और वीडियो सामने आया है। इसमें आरोपियों द्वारा पहले हरजिंदर सिंह पर गोलियां चलाते हुए और इसके बाद तेजधार हथियारों से हमला करते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है।

वीडियो में हरजिंदर के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपियों द्वारा उस पर तेजधार हथियारों से हमला करने का दावा किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Share