चुनाव 2026: राहुल गांधी आज असम में करेंगे प्रचार, बोकाजान और तिताबर में जनसभाएं

असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर असम पहुंच रहे हैं, जहां वह कांग्रेस के चुनाव प्रचार को धार देंगे।
अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी कार्बी आंगलोंग जिले के बोकाजान और जोरहाट जिले के तिताबर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इन सभाओं के जरिए वह राज्य के मतदाताओं, खासकर ऊपरी असम के लोगों से संवाद स्थापित करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी दिल्ली से विशेष विमान द्वारा रवाना होकर डिमापुर हवाई अड्डा पहुंचेंगे। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से बोकाजान जाएंगे और वहां एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।
इससे पहले कांग्रेस के कई बड़े नेता राज्य में चुनाव प्रचार कर चुके हैं। इनमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार शामिल हैं।
बोकाजान में सभा के बाद राहुल गांधी जोरहाट जिले के तिताबर में एक और महत्वपूर्ण जनसभा को संबोधित करेंगे। दिनभर के कार्यक्रम के बाद उनके दिल्ली लौटने की संभावना है।
दूसरी ओर, भाजपा भी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही राज्य में रैलियां कर चुके हैं, जबकि राजनाथ सिंह और अमित शाह भी विभिन्न इलाकों में जनसभाएं कर चुके हैं।
कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा भी प्रचार अभियान में सक्रिय हैं और 4 अप्रैल को एक बार फिर असम दौरे पर आने वाली हैं। वहीं, राहुल गांधी 5 अप्रैल को बोकाजान और धेमाजी में दोबारा चुनाव प्रचार करेंगे।
इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी 6 अप्रैल को राज्य का दौरा करेंगे। लगातार हो रहे इन दौरों और रैलियों से स्पष्ट है कि असम में चुनावी मुकाबला अब बेहद तेज़ और रोचक हो गया है।






