| |

पुरानी रंजिश में गल्ला व्यापारी पर फायरिंग: मास्टरमाइंड समेत 3 आरोपी गिरफ्तार; पड़ोसी निकला मास्टरमाइंड

रीवा। मनगवां में गल्ला व्यापारी संदीप गुप्ता को गोली मारने के मामले में पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि वारदात पुरानी रंजिश के चलते रची गई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिल, पिट्ठू बैग और काला मास्क बरामद किया

घर के बाहर बैठे व्यापारी पर किया था फायर
घटना 28 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। मनगवां बस्ती वार्ड क्रमांक-05 निवासी संदीप कुमार गुप्ता (26) अपने घर के बाहर चबूतरे पर बैठे थे। तभी बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और हनुमंता जाने का रास्ता पूछने लगे। संदीप उनके सवाल का जवाब दे ही रहे थे कि पीछे बैठे युवक ने बैग से पिस्टल निकालकर उनके सिर की ओर फायर कर दिया।

आंख और कान के बीच लगी गोली
गोली संदीप की आंख और कान के बीच लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में संदीप को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। परिजन संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

CCTV फुटेज से मिला पहला सुराग
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। मामले में थाना मनगवां में अपराध क्रमांक 431/26 के तहत धारा 109(1) और 3(5) बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

टोल प्लाजा फुटेज और पूछताछ से खुली साजिश
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी के साथ-साथ टोल प्लाजा फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान एक नाबालिग संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पूरी साजिश का खुलासा हो गया।

पड़ोसी ही निकला मास्टरमाइंड
मनगवां एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि हमले का मास्टरमाइंड सत्यप्रकाश गुप्ता उर्फ मोन्टी (27) है, जो संदीप का पड़ोसी है। दोनों के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते सत्यप्रकाश ने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर संदीप की हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने ये सामान किया बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने बरामद किया: बिना नंबर की हीरो मोटरसाइकिल, एक पिस्टल, एक मैगजीन, एक जिंदा कारतूस, पिट्ठू बैग, काला मास्क पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपियों ने पिस्टल कहां से हासिल की और वारदात की तैयारी कितने समय से की जा रही थी।

शुरुआती जांच में SSP ने कही थी यह बात
घटना के तुरंत बाद Addl. SPभावना मरावी ने बताया था कि आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की जा रही है और हमले के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। बाद की जांच में पुरानी रंजिश और पड़ोसी की साजिश सामने आई।

Share