9 साल बाद FIR: एक्ट्रेस का आरोप- शकील नूरानी ने कई बार किया यौन शोषण, गर्भनिरोधक गोलियां दीं; पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुंबई। पुलिस ने फिल्म डायरेक्टर शकील नूरानी को शनिवार, 8 अगस्त एक्ट्रेस के साथ रेप और यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया है।
एक्ट्रेस ने नूरानी पर सॉफ्ट ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने, रेप करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और कई बार यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। यह घटना 2016 की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एक्ट्रेस ने कहा- शकील नूरानी ने उन्हें 2016 में स्क्रिप्ट पढ़ने के बहाने मालवानी स्थित अपने घर बुलाया। वहां सॉफ्ट ड्रिंक पीने के बाद वह बेहोश हो गईं। मेरा अश्लील वीडियो बनाकर मुझे दिखाया और वायरल करने की धमकी दी। वीडियो के जरिए मुझे ब्लैकमेल किया गया। इसके बाद नूरानी ने कई बार मेरा यौन शोषण किया। मुझे गर्भनिरोधक गोलियां देते थे।
परिवार को पता लगने के डर से नहीं की शिकायत
FIR में एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि नूरानी ने उनके साथ कई बार यौन संबंध बनाए। उनका आरोप है कि हर बार नूरानी उन्हें गर्भनिरोधक गोलियां देते थे।
एक्ट्रेस ने पुलिस को बताया कि वीडियो सामने आने और परिवार को इसकी जानकारी होने के डर से वह लंबे समय तक शिकायत नहीं कर सकीं। इसी वजह से 2016 में हुई कथित घटना के बाद अब FIR दर्ज हुई।
FIR के बाद 40 दिन तक छिपे रहे नूरानी
FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने नूरानी की तलाश शुरू की। वह करीब 40 दिन तक फरार रहे। पुलिस ने अंधेरी के लोखंडवाला स्थित उनके बेटे के घर की तलाशी भी ली, लेकिन नूरानी वहां नहीं मिले।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए पता लगाया कि नूरानी सातारा जिले के मेधा इलाके में एक फार्महाउस में छिपे हुए हैं। मालवानी पुलिस ने मेधा पुलिस की मदद से उन्हें फार्महाउस से गिरफ्तार किया।
12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी
पुलिस ने शकील नूरानी को शनिवार को बोरीवली हॉलीडे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। पुलिस अब एक्ट्रेस की शिकायत, कथित वीडियो और मामले से जुड़े दूसरे सबूतों की जांच कर रही है।
DCP जोन-2 संदीप घुगे ने कहा कि पुलिस जांच कर रही है। नूरानी के वकील विकास सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके क्लाइंट को झूठा फंसाया गया है। मामला अदालत में है, इसलिए वह इस पर टिप्पणी नहीं करेंगे।