|

उमरिया में स्कूल जा रही छात्रा सड़क हादसे में घायल: मोड़ पर ट्रैक्टर से टकराई बाइक; एक छात्रा शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर

उमरिया। चंदिया थाना क्षेत्र के ग्राम सलैया में सोमवार सुबह स्कूल जा रहीं कक्षा 11वीं की दो छात्राएं सड़क हादसे में घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ, जब परिजन दोनों छात्राओं को बाइक से हाईवे तक छोड़ने जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सलैया निवासी आरती यादव और मीना यादव चंदिया स्थित स्कूल में कक्षा 11वीं में अध्ययनरत हैं। सोमवार सुबह दोनों छात्राएं स्कूल जाने के लिए निकली थीं। रास्ते में एक मोड़ पर अचानक सामने से ट्रैक्टर आ गया, जिससे बाइक की टक्कर हो गई।

पैर और शरीर में कई जगह आईं चोटें
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों छात्राएं सड़क पर गिर गईं। हादसे में उनके पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

108 एम्बुलेंस से पहुंचाया अस्पताल
ग्रामीणों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने दोनों छात्राओं को जिला अस्पताल उमरिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।

एक छात्रा शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर
डॉक्टरों ने आरती यादव (पिता रविशंकर यादव) की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं दूसरी छात्रा मीना यादव को मामूली चोटें आने के कारण अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे अपने साथ घर ले गए। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

Share