| | |

भोपाल की सड़कों पर भरा पानी: निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री विश्वास सारंग, नगर निगम के कर्मचारियों को लगाई फटकार

भोपाल। मंत्री विश्वास सारंग सुबह से ही जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा कर रहे है। जिले में भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में पानी भर गया है। सड़कों पर पानी जमा होने से आम जीवन प्रभावित हुआ है।

नरेला विधानसभा क्षेत्र के महामाई बाग और राजेंद्र नगर में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी भर गया। जलभराव के चलते लोगों का सड़कों से गुजरना मुश्किल हो गया। मंत्री विश्वास सारंग ने दोनों क्षेत्रों का दौरा कर मौके पर स्थिति देखी और अधिकारियों को तत्काल राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बारिश से पहले इंतजाम नहीं होने पर जताई नाराजगी
जलभराव की स्थिति को लेकर मंत्री ने नगर निगम के कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश से पहले जल निकासी और साफ-सफाई के पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए थे। मौके पर ही उन्होंने सफाई व्यवस्था शुरू करवाकर जलभराव से प्रभावित लोगों की परेशानी कम करने के निर्देश दिए।

लोगों की परेशानी दूर करना प्राथमिकता
मंत्री विश्वास सारंग ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में रहवासियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान प्रशासन और नगर निगम की टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहें और समस्या सामने आते ही तत्काल उसका समाधान करें। सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जहां जल भराव की स्थिति है वहाँ के नाले नालियों की सफाई की जाए।

Share