| |

इंदौर में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या: गर्लफ्रेंड से विवाद की आशंका; लंबे समय से मानसिक तनाव में भी था

इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में एक युवक की लाश मिली है। युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

भाई ने पुलिस को दी सूचना  
रविवार सुबह 26 वर्षीय युवक हर्ष रामपाल का शव उसके कमरे में मिल। हर्ष नीर कॉलोनी का रहने वाला था।हर्ष के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उसके मौसी के बेटे ने गेट खटखटाया, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खोला गया, जहां हर्ष का शव मिला।

लंबे समय से मानसिक तनाव में था हर्ष
रिश्तेदारों के मुताबिक, हर्ष पिछले काफी समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। कोरोना संक्रमण के दौरान उसके माता-पिता दोनों की मृत्यु हो गई थी। उसकी बहन फिलहाल शिकागो में रहती है। बताया जा रहा है कि हर्ष भी विदेश जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आर्थिक दिक्कतों के चलते वह परेशान था। पैसे के लिए वह घर बेचने की कोशिश भी कर रहा था।

प्रेमिका से कहासुनी की बात भी सामने आई
पुलिस की शुरुआती जांच में हर्ष की प्रेमिका से कहासुनी होने की बात भी सामने आई है। घटना के पीछे का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Share