खुरई में कैंसर पीड़ित बुजुर्ग की मालगाड़ी से कटकर मौत: रेलवे ट्रैक पर मिला शव; जीआरपी जांच में जुटी

सागर। सागर जिले के खुरई में सोमवार को रेलवे ट्रैक पर एक बुजुर्ग की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सिंधी कॉलोनी के पास हुई। हादसा इतना भीषण था कि मृतक का सिर धड़ से अलग हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव के अवशेष एकत्र कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए।
मृतक की पहचान घस्सा अहिरवार (77) निवासी चिरोंजी कॉलोनी के रूप में हुई है। वे कैंसर से पीड़ित थे और अपने छोटे बेटे राजकुमार अहिरवार के साथ रहते थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वे आयुष्मान कार्ड से संबंधित काम के लिए बड़े बेटे के घर जा रहे थे, तभी रेलवे ट्रैक पर यह हादसा हो गया।
घटनास्थल पर मौजूद युवक ने बताया घटनाक्रम
स्थानीय युवक राजू हासानी के अनुसार, वे रेलवे ट्रैक के किनारे से गुजर रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार मालगाड़ी आती दिखाई दी। उनके मुताबिक बुजुर्ग अचानक ट्रैक की ओर बढ़ गए। ट्रेन काफी नजदीक होने के कारण उन्हें बचाने का मौका नहीं मिल सका। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना के बाद का वीडियो आया सामने
हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने घटना के बाद की स्थिति का वीडियो मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया। वीडियो में मालगाड़ी के गुजरने के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास खून बिखरा दिखाई दे रहा है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम शव के अवशेष समेटते हुए भी नजर आ रही है।
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी सागर ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।