रीवा में लात घूसों से मारा युवक की मौत: गाड़ी भिड़ने के कारण हुई लड़ाई ,दोनों नशे में थे; पोस्टमार्टम को लेकर हंगामा

रीवा ।लालगांव चौकी अंतर्गत क्योटी नेहरू प्लांट इलाके में शनिवार रात शराब के नशे में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक आदिवासी युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।
मृतक की पहचान संजय कोल (30) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष शराब के नशे में थे। इसी दौरान गाड़ी टकराने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष ने संजय कोल के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही लालगांव चौकी और गढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कृष्ण गोपाल तिवारी उर्फ मोनू मिश्रा (22) निवासी पिपरहा और गोलू तिवारी (30) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पोस्टमार्टम को लेकर दिनभर चला हंगामा
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम को लेकर विरोध करने लगे। उनका कहना था कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और मृतक परिवार को उचित सहायता दी जाए। पूर्व विधायक राम गरीब वनवासी सहित कई स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे थे।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस बोली- दोनों पक्ष शराब के नशे में थे
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। विवाद के दौरान मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।