इंदौर में संभाग आयुक्त की अध्यक्षता में हुई कलेक्टर कॉन्फ्रेंस: VC से शामिल हुए अधिकारी; स्वास्थ्य और शिक्षा योजनाओं की समीक्षा हुई

इंदौर। भास्कर लाक्षाकार की अध्यक्षता में कलेक्टर कॉन्फ्रेंस का आयोजन हुआ। बैठक में संभाग के सभी कलेक्टर मौजूद रहे। जिला स्तर के अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जुड़े। बैठक में औद्योगिक विकास, जमीन आवंटन, राजस्व प्रकरणों और मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
उद्योगों के लिए समय पर जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश
संभाग आयुक्त भास्कर लाक्षाकार ने कहा कि प्रदेश सरकार का जोर औद्योगिक विकास पर है। ऐसे में उद्योगों को समय पर जमीन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। कलेक्टरों को निर्देश दिए कि जहां उद्योगों के लिए जमीन देने में किसी तरह की परेशानी आ रही है, उसे जल्द दूर किया जाए। इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की ओर से जमीन की मांग की गई। उन्हें बिना देरी के भूमि उपलब्ध कराने को कहा गया।
लंबित राजस्व मामलों की समीक्षा
बैठक में सभी जिलों में लंबित राजस्व मामलों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए। अनावश्यक रूप से मामलों को लंबित न रखा जाए।
जनविश्वास अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिलों में चल रहे कामों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों से सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनता की समस्याओं का जल्द समाधान करना है। इसके लिए जिलों में चल रही गतिविधियों को और बेहतर तरीके से लागू किया जाए।
स्वास्थ्य और शिक्षा योजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
VC से बचा समय और संसाधन
संभाग आयुक्त ने बताया कि सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को बैठक में बुलाने के बजाय उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जोड़ा गया। इससे अधिकारियों का समय और प्रशासनिक संसाधन दोनों बचाए जा सके।
प्रशासन की कोशिश है कि उद्योगों को बिना परेशानी के आसानी से भूमि उपलब्ध हो। साथ ही जनविश्वास अभियान के जरिए लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने सभी कलेक्टरों को अपने-अपने जिलों में सरकारी योजनाओं के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। -भास्कर लाक्षाकार, संभाग आयुक्त