IPL से मिली राह, MPL ने बढ़ाया भरोसा और अब पंजाब में अपनी टी-20 लीग उतारने की तैयारी में PCA
आईपीएल की जबरदस्त लोकप्रियता के बाद देश के कई राज्यों ने अपनी-अपनी टी-20 लीग शुरू की। मध्य प्रदेश लीग (MPL) को मिली अच्छी प्रतिक्रिया के बाद अब पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने भी इसी दिशा में कदम बढ़ाया है। एसोसिएशन ने ‘शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह पंजाब टी-20 लीग’ शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है और इसके लिए फ्रेंचाइजी मालिकों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) आमंत्रित किए हैं।
PCA का उद्देश्य सिर्फ एक नया टूर्नामेंट शुरू करना नहीं, बल्कि पंजाब के युवा क्रिकेटरों के लिए ऐसा मंच तैयार करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा दिखाकर बड़े स्तर तक पहुंच सकें। इसी वजह से देश के प्रमुख उद्योगपतियों, कॉरपोरेट समूहों और कंपनियों को फ्रेंचाइजी लेने का न्योता दिया गया है।
युवा खिलाड़ियों को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) का मानना है कि इस लीग के जरिए पंजाब के कोने-कोने में छिपी प्रतिभाओं को अच्छी पहचान मिलेगी। अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का रास्ता आसान होगा और भविष्य में भारतीय टीम में पंजाब के खिलाड़ियों की संख्या भी बढ़ सकती है।
स्टार खिलाड़ियों के जरिए मिलेगा प्रचार
नई लीग के प्रचार अभियान में पंजाब के कई चर्चित क्रिकेटरों को शामिल किया गया है। आधिकारिक पोस्टर और विज्ञापन में भारतीय क्रिकेट टीम के वनडे के कप्तान शुभमन गिल और अन्य खिलाड़ी जैसे अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, हरप्रीत बरार और रमनदीप सिंह जैसे खिलाड़ी नजर आ रहे हैं। PCA को उम्मीद है कि इन चेहरों की मौजूदगी से लीग को शुरुआत से ही अच्छी पहचान मिलेगी।
फ्रेंचाइजी चयन का अधिकार PCA के पास
PCA ने स्पष्ट किया है कि फ्रेंचाइजी के लिए आने वाले किसी भी आवेदन को स्वीकार या अस्वीकार करने का अंतिम अधिकार एसोसिएशन के पास रहेगा। इस संबंध में अंतिम निर्णय गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन के विवेक के आधार पर लिया जाएगा।
लीग से जुड़ी अहम बातें
- टूर्नामेंट का नाम शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह के सम्मान में रखा गया है।
- लीग का पहला सीजन 2026 में आयोजित करने की योजना है।
- प्रतियोगिता फ्रेंचाइजी मॉडल पर होगी, जैसा कि IPL और अन्य राज्य स्तरीय टी-20 लीग में देखने को मिलता है।
- फ्रेंचाइजी अधिकार शुरुआती 5+5 वर्ष, यानी कुल 10 सीजन के लिए दिए जाएंगे।
- आयोजन में पंजाब सरकार, BCCI और PCA मिलकर काम करेंगे।
- टीमों का गठन माझा, मालवा और दोआबा समेत पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों के आधार पर किया जाएगा।
- खिलाड़ियों के चयन के लिए गांव, ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
- लक्ष्य ग्रामीण और दूरदराज़ इलाकों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।
- यह पहल नशामुक्त पंजाब अभियान से भी जुड़ी होगी, ताकि युवाओं को खेलों से जोड़कर सकारात्मक माहौल बनाया जा सके।