PM स्वनिधि योजना: जयपुर नगर निगम में 1 जून से तीन दिवसीय ऋण वितरण शिविर

जयपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि (PM स्वनिधि) योजना के तहत पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को द्वितीय ऋण उपलब्ध कराने के लिए जयपुर नगर निगम में 1 जून से तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर 1 जून से 3 जून 2026 तक नगर निगम मुख्यालय के गेट नंबर-2 (दक्षिण द्वार) स्थित हॉल में आयोजित होगा।
यह विशेष शिविर नगर निगम जयपुर और यस बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पात्र लाभार्थियों को PM स्वनिधि योजना के तहत दूसरी ऋण किस्त स्वीकृत और वितरित की जाएगी।
उपायुक्त (डीई-एनयूएलएम) श्याम जांगिड़ ने बताया कि शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को योजना का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सभी पात्र लाभार्थियों से निर्धारित तिथियों में शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।
क्या है पीएम स्वनिधि योजना?
PM स्वनिधि योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स को किफायती दरों पर कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराना और उनके स्वरोजगार को मजबूत बनाना है। इस योजना के तहत चरणबद्ध तरीके से ऋण सुविधा प्रदान की जाती है।
योजना के अनुसार, प्रथम ऋण के रूप में 15 हजार रुपये, द्वितीय ऋण के रूप में 25 हजार रुपये और तृतीय ऋण के रूप में 50 हजार रुपये तक की राशि दी जाती है।
द्वितीय और तृतीय ऋण के लिए क्या हैं शर्तें?
द्वितीय ऋण प्राप्त करने के लिए प्रथम ऋण का समय पर भुगतान अनिवार्य है। वहीं तृतीय ऋण का लाभ लेने के लिए द्वितीय ऋण की किश्तों का नियमित भुगतान आवश्यक होगा।
योजना के तहत समय पर किस्त जमा करने वाले लाभार्थियों को ब्याज सब्सिडी का लाभ भी दिया जाता है, जिससे स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से मजबूत बनने और अपने व्यवसाय का विस्तार करने में सहायता मिलती है।
नगर निगम प्रशासन ने पात्र लाभार्थियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथियों में शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।






