डिब्रूगढ़ के मनोहारी चाय बागान में प्रधानमंत्री मोदी ने तोड़ी चाय की पत्तियां, श्रमिकों से किया संवाद

प्रधानमंत्री Narendra Modi ने बुधवार सुबह असम के डिब्रूगढ़ स्थित मनोहारी चाय बागान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खुद चाय की पत्तियां तोड़कर असम के चाय उद्योग के महत्व को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री ने चाय बागान में कार्यरत महिला और अन्य श्रमिकों से बातचीत की और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने श्रमिकों के साथ संवाद करते हुए उनके जीवन स्तर, मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर जानकारी ली।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, आयुष्मान कार्ड की उपलब्धता और अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ को लेकर भी सवाल किए। यह संवाद चाय बागान श्रमिकों के कल्याण और सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार रात डिब्रूगढ़ पहुंचे थे, जहां उन्होंने मनोहारी रिजॉर्ट में रात्रि विश्राम किया। इससे पहले वे मोहनबाड़ी हवाई अड्डे पर पहुंचे थे।
प्रधानमंत्री का यह दौरा असम विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार अभियान का हिस्सा है। वे आज धेमाजी और लखीमपुर जिले में चुनावी जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री का चाय बागान में यह दौरा प्रतीकात्मक रूप से असम के चाय उद्योग और वहां काम करने वाले लाखों श्रमिकों के योगदान को सम्मान देने के तौर पर देखा जा रहा है।






