|

प्रधानमंत्री मोदी आज 51 हजार से अधिक युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र, 19वें रोजगार मेले का करेंगे शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 19वें रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे और युवाओं से संवाद करेंगे।

सरकार की ओर से आयोजित इस रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और सरकारी सेवाओं में नई नियुक्तियों को गति देना है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और सशक्तीकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता लगातार बनी हुई है।

देशभर के 47 स्थानों पर होगा रोजगार मेला

यह रोजगार मेला देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा, जहां चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न सरकारी विभागों और मंत्रालयों में नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। सरकार के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तेज बनाना है।

इन मंत्रालयों और विभागों में मिलेगी नियुक्ति

रोजगार मेले के तहत चयनित उम्मीदवारों को रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवाएं विभाग और उच्च शिक्षा विभाग समेत कई सरकारी संस्थानों और मंत्रालयों में नियुक्ति दी जाएगी। नव-नियुक्त युवा विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं देंगे।

युवाओं के रोजगार पर सरकार का फोकस

केंद्र सरकार लगातार रोजगार मेलों के जरिए युवाओं को सरकारी नौकरियों में अवसर प्रदान कर रही है। इससे पहले भी कई चरणों में लाखों युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। माना जा रहा है कि यह पहल युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ देश की प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मददगार साबित होगी।

Share

Similar Posts