भारत-जापान संबंधों को नई रफ्तार: PM मोदी ने जापानी प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची का किया स्वागत, 1000 बायोगैस प्लांट का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची के साथ संयुक्त प्रेस बयान में उनका स्वागत करते हुए उन्हें अपनी “छोटी बहन” बताया। उन्होंने कहा कि ताकाइची की यह भारत की पहली यात्रा है और जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में उनका भारत आगमन दोनों देशों के संबंधों के लिए ऐतिहासिक अवसर है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि भारत और जापान ने आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक संयुक्त रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी, एडवांस्ड मैटेरियल्स और वैश्विक सप्लाई चेन को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इंडिया-जापान बायोगैस इनिशिएटिव के तहत भारत में 1,000 बायोगैस और ऑर्गेनिक खाद संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। इससे गोबरधन योजना को बढ़ावा मिलेगा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को भी गति मिलेगी।
बैठक के दौरान दोनों देशों ने बैटरी निर्माण, ग्रीन हाइड्रोजन, न्यूक्लियर एनर्जी, निवेश, रक्षा, स्टार्टअप, अनुसंधान एवं नवाचार तथा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2027 में भारत और जापान के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होंगे। इस अवसर को दोनों देश विशेष कार्यक्रमों और आयोजनों के माध्यम से संयुक्त रूप से मनाएंगे। इस उच्चस्तरीय बैठक को भारत-जापान रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।