प्रधानमंत्री मोदी ने दी दिल्ली को बड़ी सौगात: पिंक और मैजेंटा लाइन के नए कॉरिडोर हुए शुरू

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज दिल्ली को बड़ी सौगात दी। दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री ने लगभग 33,500 करोड़ रुपये की अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने सरोजिनी नगर स्थित जीपीआरए टाइप-5 क्वार्टरों का दौरा किया और महिला आवंटियों को चाबी भी सौंपा।
दिल्ली मेट्रो के लिए यह खास अवसर रहा। प्रधानमंत्री ने पिंक लाइन (मजलिस पार्क–मौजपुर बाबरपुर, 12.3 किमी) और मैजेंटा लाइन (दीपाली चौक–मजलिस पार्क, 9.9 किमी) के नए कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इसके माध्यम से बुराड़ी, जगतपुर, वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़ और मजलिस पार्क जैसे इलाकों को लाभ मिलेगा।
साथ ही चरण 5-ए के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी गई – आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज। इनके तैयार होने से नोएडा, दक्षिण दिल्ली और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
प्रधानमंत्री ने जीपीआरए पुनर्विकास योजना के तहत 15,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इसमें सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी के क्षेत्र शामिल हैं। योजना के तहत सरकारी कर्मचारियों के लिए 9,350 से अधिक आधुनिक फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे और लगभग 48 लाख वर्ग फुट कार्यालय स्थान भी सृजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली की कनेक्टिविटी में नई गति आएगी। यात्रा अधिक तेज, सुगम और सुरक्षित होगी। ट्रैफिक और प्रदूषण में कमी आएगी और लाखों यात्रियों को विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिलेगा।






