|

कांग्रेस झूठ और विश्वासघात की राजनीति करती है, उसकी सत्ता की किताब में गवर्नेंस का अध्याय नहींः प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस “सिर्फ झूठ और विश्वासघात की राजनीति” करती है और उसकी सत्ता की किताब में “गवर्नेंस का कोई अध्याय ही नहीं” है। कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जनता स्थिरता, विकास और राष्ट्रनीति के साथ खड़ी है, इसी वजह से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनडीए को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस खुद भी झूठी है और उसकी गारंटियां भी झूठी हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में पिछले तीन वर्षों से सरकार जनता की समस्याएं सुलझाने के बजाय आंतरिक कलह में उलझी हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राज्य में यह तक तय नहीं हो पाता कि मुख्यमंत्री कितने दिन रहेंगे और किसे मौका मिलेगा

कांग्रेस को “परजीवी पार्टी” बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह अपने सहयोगियों के साथ भी विश्वासघात करती है। उन्होंने तमिलनाडु में कांग्रेस और द्रमुक (DMK) के संबंधों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वर्षों पुराने गठबंधन के बावजूद कांग्रेस ने सत्ता के लालच में अपने सहयोगी की “पीठ में छुरा घोंपा”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा सरकारों के लिए लोक कल्याण सर्वोपरि है और उनका मंत्र “सबका साथ, सबका विकास” है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का मॉडल सुशासन का मॉडल है, इसलिए जनता विभिन्न राज्यों में भाजपा को बार-बार सेवा का अवसर दे रही है, जबकि कांग्रेस शासित सरकारें दोबारा सत्ता में लौटने में विफल रही हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से केंद्र में एनडीए सरकार देश के विकास के लिए काम कर रही है और 21 से अधिक राज्यों में भाजपा या एनडीए की सरकारें विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक प्रक्रियाओं और न्यायपालिका के प्रति अविश्वास और घृणा फैलाने का आरोप भी लगाया।

प्रधानमंत्री ने हालिया चुनावी नतीजों का उल्लेख करते हुए कहा कि पुडुचेरी में लगातार दूसरी बार एनडीए सरकार बनी, असम में तीसरी बार जनादेश मिला, जबकि पश्चिम बंगाल में भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि ये परिणाम युवाओं, महिलाओं, किसानों, गरीबों और मध्यम वर्ग के मूड को दर्शाते हैं, जो स्थिरता और विकास चाहते हैं

मोदी ने कहा कि देश की जनता को “स्पीड चाहिए, स्कैम नहीं”, “सॉल्यूशन चाहिए” और “राष्ट्र नीति वाली राजनीति चाहिए”। उन्होंने दावा किया कि आज देश भाजपा की राष्ट्रनीति के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है

प्रधानमंत्री ने 10 मई 1857 की क्रांति को याद करते हुए कहा कि इसी दिन स्वतंत्रता संग्राम की पहली चिंगारी भड़की थी, जिसने आगे चलकर ब्रिटिश शासन की जंजीरों को तोड़ने का मार्ग प्रशस्त किया। साथ ही उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए कहा कि वह गुजरात के सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के समारोह में भी शामिल होंगे।

Share

Similar Posts