प्रताप राव जाधव का बयान: पीएम जन आरोग्य योजना के तहत देशभर में 36,229 अस्पताल इम्पैनलड

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव ने जानकारी दी है कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत देशभर में 36,229 अस्पताल इम्पैनल किए जा चुके हैं।
निजी और सरकारी अस्पताल शामिल
मंत्री ने संसद में बताया कि इन इम्पैनल्ड अस्पतालों में से 6,746 निजी अस्पताल भी शामिल हैं, जो योजना के तहत मरीजों को उपचार की सुविधा प्रदान कर रहे हैं।
गंभीर बीमारियों का इलाज
इस योजना के तहत कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां, स्तन रोग सहित कुल 27 गंभीर बीमारियों का इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
साथ ही महंगे डायग्नोस्टिक टेस्ट भी योजना में शामिल किए गए हैं, जिससे मरीजों को बड़ी आर्थिक राहत मिल रही है।
पैकेज में हुआ विस्तार
मंत्री के अनुसार, योजना की शुरुआत सितंबर 2018 में हुई थी, जिसमें शुरुआत में 1,391 हेल्थ पैकेज शामिल थे।
अब इनकी संख्या बढ़ाकर 1,961 कर दी गई है और इसमें अब तक पांच बार संशोधन किया जा चुका है।
संसद में दी जानकारी
यह जानकारी राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी के प्रश्न के उत्तर में दी गई।
सरकार का कहना है कि इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को मुफ्त और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे देश में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच लगातार बढ़ रही है।






