PM आवास योजना में गड़बड़ी का आरोप: किसान बोला- कृषि भूमि के क्वार्टर में रहने वालों को दिलाया लाभ; शिकायत वापस लेने की धमकी

इंदौर। देपालपुर निवासी किसान मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास योजना की शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचे। किसान ने आरोप लगाया कि उनकी कृषि भूमि पर बने क्वार्टर में रहने वाले चौकीदार रामसेवक और धारासिंह ने सरपंच और पंचायत अधिकारियों से मिलकर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लिया है।
2024-25 में स्वीकृत होने का दावा
किसान सूरज यादव के मुताबिक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ वर्ष 2024-25 में स्वीकृत कराया गया है। उनका कहना है कि इस संबंध में वे पिछले करीब एक महीने से जिला पंचायत में शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप
सूरज यादव ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद सरपंच की ओर से उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। किसान का यह भी आरोप है कि उन्हें फोन पर धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
शिकायत पर संबंधित अधिकारी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब की गई है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।