| |

पीथमपुर में ओवरब्रिज निर्माण से बिगड़ा ट्रैफिक: धूल और गड्ढों से परेशान हो रहे लोग, भाजपा जिलाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर सुनी समस्याएं

पीथमपुर (धार)। औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के व्यस्ततम इंडोरामा चौराहे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज से हो रहे परेशान। आम जनता,  व्यापारियों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी। भाजपा धार जिलाध्यक्ष निलेश भारती ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण स्थल, सर्विस रोड और आसपास के मार्गों का निरीक्षण कर प्रभावित लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं।

धूल, जाम और गड्ढों से बढ़ी परेशानी
निरीक्षण के दौरान स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों ने बताया कि ओवरब्रिज निर्माण के कारण क्षेत्र में लगातार धूल उड़ रही है। इसके साथ ही भीषण ट्रैफिक जाम और जगह-जगह खुदे गड्ढों के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी लोगों की समस्याओं को देखा।

निर्माण एजेंसी को जल्दसे जल्द समाधान के निर्देश
निलेश भारती ने MPRDC के वरिष्ठ एवं क्षेत्रीय अधिकारियों, नगरपालिका सीएमओ और थाना प्रभारी की मौजूदगी में निर्माण एजेंसी को समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। श्रीराम मंदिर के सामने वाले मार्ग, दिव्या ज्योति रोड और मुख्य सर्विस रोड की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

15-20 दिन में सर्विस रोड शुरू करने का लक्ष्य
भारती ने बताया कि अगले 15 से 20 दिनों में सर्विस रोड को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। तब तक दोनों ओर यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मियों और पुलिस बल की विशेष तैनाती की जाएगी। इससे रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- विकास जरूरी, जनता परेशान ना हो  
भाजपा जिलाध्यक्ष ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन विकास के नाम पर जनता को लंबे समय तक असुविधा में नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने उड़ती धूल पर नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन को प्राथमिकता देने की बात कही।

स्वास्थ्य केंद्रों के मुद्दे भी उठाए
भारती ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में पीथमपुर और सागौर स्वास्थ्य केंद्रों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल से चर्चा की गई थी, जिस पर सकारात्मक पहल हुई है।

Share