रोनाल्डो ने जॉर्जिना से की शादी: 10 साल की रिलेशनशिप के बाद पुर्तगाल में कोर्ट मैरिज; शेयर की अंगूठियों वाली फोटो

पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और उनकी लंबे समय से साथी रहीं जॉर्जिना रोड्रिग्ज ने शादी कर ली है। दोनों ने मंगलवार को पुर्तगाल में कोर्ट मैरिज की। शादी की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन रोनाल्डो और जॉर्जिना ने सोशल मीडिया पर अंगूठियां पहने तस्वीरें साझा की हैं, जिसके बाद यह खबर चर्चा में आ गई।
रोनाल्डो और जॉर्जिना की पहली मुलाकात 2016 में मैड्रिड में हुई थी। इसके बाद दोनों करीब आए और 2017 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया। उसी साल वे ज्यूरिख में आयोजित फीफा फुटबॉल अवॉर्ड्स समारोह में पहली बार साथ नजर आए थे।

एक साल पहले हुई थी सगाई
दोनों ने 12 अगस्त 2025 को सगाई की थी। उस समय जॉर्जिना ने इंस्टाग्राम पर अपनी एंगेजमेंट रिंग की तस्वीर साझा करते हुए लिखा था कि वह रोनाल्डो से इस जिंदगी और आने वाले हर जन्म में प्यार करती हैं। अब सगाई के लगभग एक साल बाद शादी की खबर सामने आई है।

परिवार में 5 बच्चे
जॉर्जिना स्पेन की मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। रोनाल्डो और जॉर्जिना के साथ कुल चार बच्चे हैं। एवा मारिया और मातेओ का जन्म 2017 में सरोगेसी से हुआ था। इसी वर्ष जॉर्जिना ने बेटी अलाना मार्टिना को जन्म दिया।
2022 में बेला एस्मेराल्डा का जन्म हुआ।
इसके अलावा रोनाल्डो के बड़े बेटे क्रिस्टियानो रोनाल्डो जूनियर का जन्म 2010 में हुआ था। उनकी मां की पहचान रोनाल्डो ने कभी सार्वजनिक नहीं की। उस समय उन्होंने कहा था कि बच्चे की जिम्मेदारी और कस्टडी वे स्वयं संभालेंगे।
सोशल मीडिया पर अक्सर दिखता है परिवार
रोनाल्डो और जॉर्जिना अपने बच्चों के साथ तस्वीरें और वीडियो नियमित रूप से सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं। छुट्टियों, पारिवारिक समारोहों और मैचों के दौरान दोनों कई बार एक साथ नजर आए हैं।

इसी साल खेला आखिरी फीफा वर्ल्ड कप
रोनाल्डो ने इसी साल अपना आखिरी फीफा वर्ल्ड कप खेला। पुर्तगाल की टीम राउंड ऑफ-16 में स्पेन से 0-1 से हारकर बाहर हो गई थी। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले रोनाल्डो ने घोषणा कर दी थी कि यह उनका अंतिम विश्व कप होगा। हार के बाद मैदान से बाहर जाते समय उनकी आंखें नम दिखाई दी थीं और स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका सम्मान किया था।
उनका वर्ल्ड कप सफर 27 मैचों के साथ समाप्त हुआ। वे सबसे अधिक वर्ल्ड कप मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं और उन्होंने टूर्नामेंट में 11 गोल किए।

900 गोल तक पहुंचने वाले पहले खिलाड़ी
रोनाल्डो ने 5 सितंबर 2025 को क्रोएशिया के खिलाफ मुकाबले में अपने करियर का 900वां गोल किया था। वे यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बने। इस उपलब्धि के बाद उन्होंने अपने फुटबॉल सफर का एक विशेष वीडियो साझा करते हुए फैंस का आभार जताया था।
कमाई ₹2,800 करोड़ से अधिक
सऊदी अरब के क्लब अल-नासर से खेलने वाले रोनाल्डो दुनिया के सबसे अधिक कमाई करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। पिछले एक साल में उनकी अनुमानित कमाई 300 मिलियन डॉलर (करीब ₹2,858 करोड़) बताई गई है। मैदान पर सैलरी और बोनस: लगभग 235 मिलियन डॉलर (करीब ₹2,242 करोड़) ,एंडोर्समेंट और अन्य कारोबार: करीब 65 मिलियन डॉलर (लगभग ₹619 करोड़), रोनाल्डो उन चुनिंदा सक्रिय खिलाड़ियों में शामिल हैं जिनकी अनुमानित नेटवर्थ 1 बिलियन डॉलर से अधिक मानी जाती है।