रीवा में विशाल तिरंगा यात्रा: हजारों लोग तिरंगा लेकर निकले; डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल भी हुए शामिल

रीवा। आजादी के पर्व को लेकर मध्यप्रदेश में तिरंगा यात्रा निकली। शनिवार को रीवा में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। सिरमौर चौराहे से शुरू हुई यात्रा में हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पूरे रास्ते भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंजता रहा।
सिरमौर चौराहे से शुरू हुई यात्रा
भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ रीवा के सिरमौर चौराहे से हुआ। हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों के बीच बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। युवाओं से लेकर आम नागरिकों तक सभी में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रमुख मार्गों से होते हुए टैगोर पार्क पहुंची
तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रविंद्र नाथ टैगोर पार्क पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। यात्रा के दौरान लोगों ने तिरंगा लहराते हुए भारत माता के जयकारे लगाए।

डिप्टी सीएम समेत भाजपा नेता हुए शामिल
यात्रा में मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। आजादी के पर्व को लेकर आयोजित इस यात्रा में लोगों ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
मध्यप्रदेश में 9 अगस्त से शुरू हुई तिरंगा यात्राओं का आयोजन 14 अगस्त तक किया जा रहा है। इसी क्रम में अलग-अलग शहरों में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं।