| |

इंदौर में 100 साल पुराना जर्जर भवन गिराया: जयरामपुर कॉलोनी में निगम का एक्शन; पहले खाली कराया था मकान

इंदौर। शहर के जयरामपुर कॉलोनी में नगर निगम ने मंगलवार को करीब 100 साल पुराने जर्जर भवन को जमींदोज कर दिया। झोन क्रमांक-2 के वार्ड-67 में निगम का अमला जेसीबी और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और भवन को गिराने की कार्रवाई शुरू की।

चौकीदार का परिवार रहता था
भवन अधिकारी पल्लवी पाल ने बताया कि निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। यह भवन रजिस्टर्ड शासकीय नारी शाला का पुराना और जर्जर मकान था, जो सिंधी समाज समिति के अधीन था। भवन में चौकीदार का परिवार रह रहा था।

निगम की ओर से पहले ही भवन खाली करने का नोटिस दिया गया था। इसके बाद चौकीदार के परिवार ने जगह खाली कर दी थी। भवन खाली होने के बाद मंगलवार को निगम की टीम ने जेसीबी की मदद से इसे गिरा दिया।

सांसद निधि से बनेगा नया प्रोजेक्ट
निगम अधिकारियों के मुताबिक जर्जर भवन को हटाने के बाद यहां सांसद निधि से नया प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा। पुराने भवन के कारण बने खतरे को देखते हुए इसे हटाना जरूरी था।

कार्रवाई के दौरान निगम अमले के साथ भवन अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। भवन गिराने की कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विवाद नहीं हुआ।

Share