| |

झाबुआ में नाले पर पुलिया नहीं: स्कूल के बच्चे और मरीज हो रहे परेशान; पंचायत खाते में राशि फिर भी काम अटका

झाबुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत खाते में 15वें और 5वें वित्त आयोग की राशि उपलब्ध होने के बावजूद गांव में जरूरी निर्माण कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। इससे ग्रामीणों में पंचायत के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पक्की पुलिया और सीसी रोड निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि नाले पर यदि फिलहाल कुछ पाइप ही डाल दिए जाएं तो भी आवागमन काफी हद तक सुगम हो सकता है।

ग्रामीणों के अनुसार प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के साथ उपस्वास्थ्य केंद्र का भवन भी इसी नाले के बीच वाले मार्ग से जुड़ा है। बारिश के दौरान रास्ता बेहद खराब हो जाता है। ऐसे में स्कूली बच्चों के साथ मरीजों और प्रसव पीड़ित महिलाओं को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

रात में बढ़ जाता है खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि दिन के समय किसी तरह आवागमन हो जाता है, लेकिन रात में स्थिति और ज्यादा जोखिमभरी हो जाती है। नाले पर पुलिया नहीं होने से लोगों को जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करना पड़ता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि समय रहते पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

ग्रामीणों ने जल्द निर्माण की मांग उठाई
ग्रामीणों ने पंचायत और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि उपलब्ध राशि का उपयोग कर प्राथमिकता के आधार पर पुलिया और सीसी रोड का निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि बुनियादी सुविधा से जुड़ा यह काम लंबे समय से लंबित है, इसलिए अब जल्द ठोस कार्रवाई की जरूरत है।

Share