पीथमपुर में अलग-अलग जगह मिले दो शव: पोस्टमार्टम में मौत का कारण सामान्य; पुलिस ने शुरू की जांच

धार। पीथमपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो व्यक्तियों के शव मिले है। पुलिस ने दोनों ही मामलों में शवों का पोस्टमार्टम करवाकर मर्ग कायम किया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहला मामला सेक्टर-1 थाना क्षेत्र के लोधी मोहल्ला का है, जहां नरसिंहपुर निवासी 46 साल क मजदूर दुर्गा प्रसाद पिता जगदीश काछी अपने किराए के कमरे में मृत पाए गए। वे पीथमपुर में अकेले रहकर मजदूरी करते थे।
सोमवार रात मकान मालिक ने जब कमरे में उनका शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार शव लगभग दो दिन पुराना लग रहा था।
पोस्टमार्टम में मौत का कारण सामान्य
प्राथमिक पोस्टमार्टम में मौत का कारण सामान्य बताया गया है, हालांकि वास्तविक वजह विसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है, जिसे लेकर वे अपने पैतृक गांव नरसिंहपुर रवाना हो गए हैं।
खेत में मिला शव
दूसरा मामला सागौर थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा जामोदी का है, जहां पांच दिन से लापता रामेश्वर सुखराम रघुवंशी का शव एक खेत में पड़ा मिला। परिजनों के अनुसार, रामेश्वर को कम दिखाई देता था और वे शुक्रवार को घर से दवाई लेने की बात कहकर निकले थे।
शव को परिजनों को सौंपा
काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पांच दिन बाद खेत में शव मिलने पर परिजनों ने कपड़ों और जूतों के आधार पर उनकी पहचान की। सागौर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गुमशुदगी के मामले को मर्ग में दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।