भारतीय और पाकिस्तानी नौसेना के जहाजों की टक्कर: अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा में हुआ हादसा; भारत ने पाकिस्तान के सामने जताया विरोध

नई दिल्ली। अरब सागर में भारतीय और पाकिस्तानी नौसेना के जहाजों के बीच टक्कर हो गई। यह घटना 15 सितंबर की शाम अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में हुई। घटना में किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं है।
घटना के बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के चार्ज डी अफेयर्स साद अहमद वराइच को बुलाया। भारत ने पाकिस्तानी नौसेना के जहाज के व्यवहार पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
भारत ने कहा- इस तरह की घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए। पाकिस्तान की सैन्य इकाइयों को समुद्र में सावधानी बरतने और दोनों देशों के बीच हुए समझौतों का पालन करने को कहा गया है।
ओमान से करीब 220 किमी दूर हुई टक्कर
पाकिस्तानी जहाज अरब सागर में गश्त कर रहे भारतीय नौसेना के एक युद्धपोत के करीब आ गया था। यह घटना ओमान से करीब 220 किलोमीटर पूर्व हुई। बताया गया कि पाकिस्तानी जहाज तेज गति से आगे बढ़ रहा था और उसके तरीके को असुरक्षित बताया गया। इसके बाद दोनों जहाजों की टक्कर हो गई।
दोनों जहाजों को बाद में अलग किया गया
घटना के समय समुद्र में लहरें तेज थीं। टक्कर के बाद दोनों जहाजों को अलग कर दिया गया। अभी तक किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।
1991 के समझौते का भी दिया गया हवाला
भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तानी जहाज का व्यवहार 1991 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए समझौते के अनुच्छेद 10 के खिलाफ था। यह समझौता सैन्य अभ्यास, गतिविधियों और सैनिकों की आवाजाही की पहले से जानकारी देने से जुड़ा है।
भारत ने इस घटना को लेकर पाकिस्तान को अपनी आपत्ति बता दी है। वहीं, इस्लामाबाद में मौजूद भारतीय राजनयिक को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के सामने विरोध दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।