इंदौर के 30 हजार लोगों को उनकी जमीन का अधिकार देंगे नितिन नबीन: पहली बार नहीं होगी कोई रैली; महाकाल के दर्शन भी करेंगे

इंदौर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 17 सितंबर को इंदौर आएंगे। उनका मुख्य कार्यक्रम सुपर कॉरिडोर स्थित मैदान में होगा, जहां वे स्वामित्व योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह मध्यप्रदेश का पहला दौरा होगा। खास बात यह है कि उनकी व्यस्तता को देखते हुए इंदौर में कोई स्वागत रैली या शोभायात्रा आयोजित नहीं की जाएगी।
स्वामित्व योजना के तहत वर्षों से जमीन और मकान पर रह रहे, लेकिन वैध दस्तावेज या पट्टा नहीं रखने वाले लोगों को उनके निवास स्थल का स्वामित्व अधिकार दिया जाएगा।
30 हजार लोगों को मिलेगा लाभ
इंदौर और आसपास के क्षेत्र के 30 हजार लोगों को स्वामित्व के पट्टे दिए जाने की तैयारी है। कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना है और लाभार्थियों की आवाजाही के लिए 1800 से 2 हजार बसों की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन कार्यक्रम स्थल, रूट, पार्किंग, सुरक्षा, CCTV और बारिश से बचाव की तैयारियों पर काम कर रहा है।
उज्जैन के दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे
नितिन नबीन का दौरा इंदौर के बाद उज्जैन तक भी रहेगा। वे 17 सितंबर को उज्जैन में शिप्रा तट पर होने वाले दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद 18 सितंबर को महाकाल मंदिर में भस्म आरती में शामिल होने का कार्यक्रम बताया गया है।