| |

देवास में सरकारी शिक्षिका के घर से सोने के जेवर चोरी: बेटे से मिलने आई थी इंदौर; CCTV में दिखे तीन आरोपी

देवास। हाटपीपल्या के महावीर मार्ग पर एक सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवर और नगदी चुरा लिए। घटना के दौरान मकान मालिक शिक्षिका अपने परिवार से मिलने इंदौर गई हुई थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से जांच शुरू कर दी है।

मंजूला पांडे (पति स्व. कन्दन पांडे), जो ग्राम बामनी के शासकीय स्कूल में शिक्षिका हैं, 10 सितंबर को अपने बेटे लव पांडे से मिलने इंदौर गई थीं। 14 सितंबर की शाम पड़ोस में रहने वाले अशोक बाकलीवाल ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि उनके घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ है।

सूचना मिलते ही मंजूला पांडे अपने पुत्र और वार्ड पार्षद राजकिशोर जायसवाल के साथ मौके पर पहुंचीं। घर के अंदर जाकर देखने पर अलमारी और सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला।

सोने की दो अंगूठी और 50 हजार चोरी 
मंजुला के घर से सोने के 3 जोड़ी कान के टॉप्स और 2 अंगूठी, चांदी की 5 जोड़ी पायजेब और 15 चांदी के सिक्के, 50 हजार नगद  चोरी हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हाटपीपल्या थाना पुलिस टीम और फॉरेंसिक व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची।

फॉरेंसिक टीम ने इकट्ठा किए सबूत 
फॉरेंसिक टीम ने अलमारी, टूटे हुए तालों और आसपास के स्थानों से उंगलियों के निशान (फिंगरप्रिंट्स) तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, ताकि आरोपियों की पहचान में तकनीकी मदद मिल सके।

सीसीटीवी में दिखे तीन चोर 
वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर 14 सितंबर (सुबह लगभग 4:30 से 5:00 बजे के बीच) एक मोटरसाइकिल पर सवार 3 अज्ञात संदिग्ध आरोपी इलाके में घूमते और वारदात को अंजाम देकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने दर्ज की FIR
हाटपीपल्या पुलिस ने फरियादिया की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 305(a) एवं 331(4) के तहत प्रकरण (FIR No. 0555) दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप-निरीक्षक (ASI) नीलेश गड़बादी द्वारा की जा रही है। पुलिस फॉरेंसिक साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Share