| |

फ्लैट में चोरी करने वाले गिरफ्तार: एक आरोपी खंडवा से दूसरा इंदौर से पकड़ाया; 3 लाख का माल जब्त

इंदौर। राऊ थाना पुलिस ने पलाश परिसर स्थित एक फ्लैट में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, एक सोने का नेकलेस और नकदी समेत करीब 3.20 लाख रुपए का माल बरामद किया है।

100 से ज्यादा CCTV कैमरों से मिला सुराग
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद टीम ने इलाके में लगे 100 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने इंदौर से लेकर खंडवा तक आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी।

खंडवा और इंदौर से पकड़े आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को खंडवा और दूसरे को इंदौर से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान रंजीत पवार निवासी खंडवा और धर्मेंद्र पांचाल निवासी इंदौर के रूप में हुई है।

3.20 लाख रुपए का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों से एक सोने का नेकलेस, सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित करीब 3 लाख 20 हजार रुपए का माल बरामद किया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

निगरानी बदमाश पर नजर से मिली सफलता
पुलिस के मुताबिक टीम निगरानी बदमाशों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी। इसी दौरान तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

Share