फर्जी बैंक खातों से देशभर में साइबर ठगी का नेटवर्क: इंदौर क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को पकड़ा; महाराष्ट्र से तेलंगाना तक जुड़े ट्रांजेक्शन

इंदौर। देशभर में साइबर ठगी के लिए फर्जी और संदिग्ध बैंक खातों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। इंदौर क्राइम ब्रांच ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी के बैंक खातों का इस्तेमाल संदिग्ध ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
ज्वाइंट अकाउंट खुलवाकर कर रहा था इस्तेमाल
जांच में सामने आया कि आरोपी ने बैंक ऑफ इंडिया में ज्वाइंट अकाउंट खुलवाया था। इस खाते में साइबर ठगी से जुड़ी रकम आने के बाद उसे दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था। क्राइम ब्रांच को ऐसे करीब 15 संदिग्ध बैंक खातों के इस्तेमाल की जानकारी मिली है।

7 राज्यों तक जुड़े ट्रांजेक्शन
पुलिस जांच में इन खातों से हुए ट्रांजेक्शन के तार महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, कर्नाटक और तेलंगाना तक जुड़े मिले हैं। इससे साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क की आशंका है।
क्रिप्टोकरेंसी में रकम बदलने की भी जांच
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ठगी की रकम में से कुछ हिस्सा क्रिप्टोकरेंसी में बदला गया था या नहीं। आरोपी से खातों को खुलवाने, उनमें रकम आने और आगे ट्रांसफर किए जाने के संबंध में पूछताछ की जा रही है। क्राइम ब्रांच अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बैंक खाते किसके कहने पर खुलवाए गए और उनमें रकम कहां से आती थी।