शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 17.84 लाख की ठगी: एरोड्रम पुलिस ने 3 और आरोपी पकड़े; 6 म्यूल बैंक खाते मिले

इंदौर। शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 17.84 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी के मामले में एरोड्रम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों के कब्जे से 6 म्यूल बैंक खातों की जानकारी मिली है। इन खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर की जाती थी।
नितेश दवे की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस
फरियादी नितेश दवे की शिकायत पर एरोड्रम थाने में 17.84 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पहले तीन आरोपियों आदित्य पांडेय, साहिल पवार और भावेश पारगी को गिरफ्तार किया था।
ऑपरेशन मैटिस के तहत खातों की निगरानी
साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक अकाउंट्स की पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी। ऑपरेशन मैटिस के तहत संदिग्ध बैंक खातों की जांच के दौरान पुलिस को मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिली।
बैंक खाते किराए पर लेकर ट्रांसफर करते थे ठगी की रकम
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने बैंक खाते किराए पर देते थे। इन खातों में साइबर ठगी से हासिल रकम ट्रांसफर कराई जाती थी। इसके बाद रकम को दूसरे खातों में भेजकर निकाल लिया जाता था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
मामले में अभी अन्य आरोपी भी शामिल हो सकते हैं। उनकी तलाश की जा रही है। कार्रवाई को लेकर डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों और उनके संचालकों की जांच लगातार की जा रही है।